मुरादाबाद। होली से तकरीबन एक माह पहले ही रेलवे ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। रेलवे मुरादाबाद मंडल से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने की तैयारी कर रहा है। योगनगरी ऋषिकेश से हावड़ा के बीच चलने वाली दून एक्सप्रेस में बुधवार को दो कोच जोड़ दिए गए हैं। इसमें एक एसी थ्री और एक जनरल कोच है।
इसके अलावा देहरादून-मुजफ्फरपुर, राप्ती गंगा एक्सप्रेस, देहरादून-गोरखपुर राप्ती गंगा एक्सप्रेस, देहरादून-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस और कुंभ एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच जोड़ने का प्रस्ताव है। मुख्यालय से मंजूरी मिलते ही इन ट्रेनों में कोच जोड़ दिए जाएंगे। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि होली के मौके पर यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने के अलावा भीड़ बढ़ने पर कुछ त्योहार स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं।