मुरादाबाद। जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या में गिरावट जारी है। स्वस्थ होने पर दस मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या अब 53 रह गई है, जबकि सोमवार को आई रिपोर्ट में सिर्फ एक पॉजिटिव मरीज मिला। वहीं ब्लैक फंगस का कोई नया मरीज सामने नहीं आया।
जिले में संक्रमण की रफ्तार कम होने पर सक्रिय मरीजों की संख्या लगातार कम हो रही है। अप्रैल और मई में जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या आठ हजार से अधिक पहुंच गई थी। रोजाना औसतन 500 से 600 संक्रमित मरीज मिल रहे थे, लेकिन जून के पहले हफ्ते से संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ने लगी। इससे मरीजों की संख्या में गिरावट आने लगी। जो अब भी जारी है। शनिवार को सिर्फ एक संक्रमित मरीज मिला, जबकि स्वस्थ होने पर दस मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 53 हो गई है। दूसरी ओर दो दिनों में जिले के दो लोगों की ब्लैक फंगस से मौत के बाद शनिवार को कोई नया केस नहीं मिला।