मुरादाबाद। बकरौवा धान क्रय केंद्र के मामले में पीसीयू के जिला प्रबंधक ने अपनी रिपोर्ट डिप्टी आरएमओ को भेज दी है, लेकिन डिप्टी आरएमओ रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं हैं। इस मामले में केंद्र प्रभारी पर कार्रवाई तय है।
आरएफसी के निर्देश पर पिछले दिनों एसडीएम बिलारी ने किसान बनकर बकरौवा क्रय केंद्र पर छापा मारा था। इस टीम में डिप्टी आरएमओ विनीता मिश्रा भी मौजूद थीं। जांच के दौरान केंद्र प्रभारी परवेज मौके पर मौजूद नहीं थे। क्रय किया धान भी केंद्र पर नहीं था। इस मामले में डिप्टी आरएमओ ने केंद्र प्रभारी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया था और जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी थी।
पीसीयू के जिला प्रबंधक नीरज कुमार सरोज ने अपनी रिपोर्ट डिप्टी आरएमओ को सौंप दी है। रिपोर्ट में जिला प्रबंधक ने बताया है कि जांच के समय केंद्र प्रभारी खाद और बीज का वितरण करने के लिए गए थे। सुरक्षा के लिए केंद्र पर मौजूद 140 टन धान राइस मिल में भेजा गया था। डिप्टी आरएमओ का कहना है कि प्रभारी ने धान राइस मिल को भेजने में भी अनियमितता बरती है। इस कारण उसे बख्शा नहीं जाएगा।
मुरादाबाद। जिले के अधिकारियों के काफी प्रयास के बावजूद धान खरीद में तेजी नहीं आई है। एक अक्तूबर से शुरू हुई धान खरीद डेढ़ माह बाद लक्ष्य की तुलना में 22.58 प्रतिशत ही हो सकी है। मंडल में रामपुर जिले में अधिक खरीद हुई है, लेकिन संभल और अमरोहा से पीछे है।
शासन ने धान क्रय करने के लिए जिले को 1.03 लाख टन का लक्ष्य दिया है। अभी तक 23,253 टन धान की खरीद हुई है। यह लक्ष्य की तुलना में 22.58 प्रतिशत है। पिछले साल नवंबर माह में 20 नवंबर तक 22,182 टन धान की खरीद हुई थी। बुधवार को सभी 59 केंद्रों से 117 टन धान की खरीद हुई। केंद्रों से अभी 4678 टन धान कुटाई के लिए भेजा गया है। लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिदिन कम से कम 2000 टन धान की खरीद होनी चाहिए। डिप्टी आरएमओ विनीता मिश्रा ने बताया कि धान खरीद की रफ्तार बढ़ाने के लिए केंद्र प्रभारियों को सक्रिय किया गया है। ब्यूरो