मुरादाबाद। बुध बाजार में डिवाइडर के किनारे अब चार पहिया और दो पहिया वाहन खड़े करने पर कार्रवाई होगी। आरोप है कि इन वाहनों से बाजार में जाम लग रहा है। पुलिस ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेगी। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार ने कार्रवाई के लिए एसपी ट्रैफिक सुभाषचंद गंगवार को पत्र लिखा है।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट सिटी के तहत इंपीरियल तिराहे से बुध बाजार चाैकी तक स्मार्ट रोड विकसित की गई है। इस रोड के डिवाइडर पर अनधिकृत रूप से चार पहिया व दो पहिया वाहनों की पार्किंग की जा रही है। इससे रोज यातायात प्रभावित हो रहा है। अक्सर बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है। बाजार में आने वाले ग्राहक भी परेशान रहते हैं।
नगर निगम ने स्मार्ट रोड पर अनधिकृत ढंग से पार्क किए जा रहे चार पहिया वाहनों के लिए प्रिंस रोड तिराहे के निकट नगर निगम ने स्थान निर्धारित किया है। इसी प्रकार स्टेशन रोड पर शेल्टर होम के निकट रोड पटरी पर दो पहिया वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था की गई है। अपर नगर आयुक्त ने बताया लोग निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करें, अन्यथा उन्हें परेशानी उठानी पड़ेगी।