कांठ। खनन निरीक्षक ने टीम और पुलिस को साथ मिलकर ईंट भट्ठे पर मिट्टी का खनन कर रही एक जेसीबी को पकड़ा है। वहीं जांच में पाया गया कि ईंट भट्टा प्रदूषण विभाग से अनुमति लिए बिना ही संचालित हो रहा था और भट्ठा स्वामी द्वारा खनन की रॉयल्टी भी जमा नहीं की थी।
शनिवार को खनन निरीक्षक राघवेंद्र सिंह को सूचना मिली कि कांठ थाना क्षेत्र के कस्बा उमरी कलां के पास गुलजार ईंट उद्योग पर बिना रॉयल्टी जमा किए ईंट की पथाई करने के लिए जेसीबी से खनन किया जा रहा है। जिस पर वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छापा मारकर कार्रवाई की। सूचना सही होने पर उन्होंने पुलिस को भी बुला लिया।
जांच में पाया गया कि ईंट भट्ठा स्वामी द्वारा पिछले दो वर्ष से खनन की रॉयल्टी जमा नहीं की और न ही प्रदूषण विभाग से ईंट भट्ठा संचालन का अनापत्ति प्रमाण-पत्र लिया है। टीम को ईंट भट्ठा पर बाल मजदूर भी काम करते मिले। इसके बाद टीम ने खनन की रही जेसीबी को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। खनन निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि ईंट भट्ठा के पास न तो प्रदूषण विभाग का प्रमाण-पत्र मिला है और न ही दो उसने वर्ष से रॉयल्टी जमा की है। इसके लिए उसे पहले से नोटिस दिए हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदूषण विभाग और लेबर इंस्पेक्टर को भी पत्र भेजा जाएगा।