एक तरफ यूपी उत्तरांखड में जहरीली शराब से लोगों की जान जा रही है तो दूसरी तरफ सिविल लाइन की भातू कालोनी में अवैध शराब बनाने का सिलसिला रुक नहीं रहा है।
शासन से सख्त निर्देश मिलने के बाद शनिवार सुबह ही आबकारी टीम ने पुलिस के साथ मिलकर अवैध शराब तस्करों की तलाश में फकीरपुरा और भातू कालोनी में दबिश दी। यहां पर अवैध शराब की 52 भट्टियां धधकती मिली, जिन्हें नष्ट किया है।
सीओ सिविल लाइन राजेश कुमार ने बताया कि शनिवार को सुबह के वक्त आबकारी टीम ने सिविल लाइन पुलिस के साथ मिलकर अवैध शराब बेचने वालों की तलाश में छापा मारकर अभियान चलाया गया। पुराने शराब तस्करों के घरों पर दबिश दी गई। इस दौरान भातू कालोनी में अवैध शराब तैयार की जा रही थी, वहां पर 52 शराब की भट्टियां तोड़ी गई।
करीब दो सौ लीटर शराब नष्ट की गई है। शराब तैयार करने वाले आरोपी मौके पर नहीं मिले हैं, उनकी तलाश में दबिश दी जा रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
महिलाएं भी शामिल हैं अवैध शराब तैयार करने में
भातू कालोनी में पुरुष ही नहीं महिलाएं भी अवैध शराब तैयार करने में लगी हैं। चौकी प्रभारी मुमताज ने बताया कि पुलिस की टीम ऐसी महिलाओं के बारे में भी जानकारी कर रही है। इससे पहले भी भातू कालोनी से अवैध शराब बिक्री में महिलाओं की गिरफ्तारी हो चुकी है। कई बार पुलिस की टीम को महिलाओं की गिरफ्तारी करने में विरोध का सामना भी करना पड़ा है। पुलिस की टीम पर हमले भी हो चुके हैं।