भगतपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवती ने जनपद अमरोहा के एक गांव निवासी एक युवक पर दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोप लगाया है । पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह गाजियाबाद स्थित एक कंपनी में नौकरी करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम भूरा उर्फ सुहैल सैफी निवासी जिला अमरोहा बताया। आरोप है कि आरोपी ने धीरे-धीरे जान पहचान बढ़ाकर उसे अपने झांसे में ले लिया व उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए। इसके बाद आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका शारीरिक व मानसिक शोषण करता रहा। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने कई बार दुष्कर्म किया और उसकी वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता रहा। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
युवती के अनुसार परेशान होकर वह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी व बाद में परिजनों के साथ पुलिस के पास पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। इस संबंध में थाना प्रभारी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।