फोटो 5 ठाकुरद्वारा के सरकारी अस्पताल में मुठभेड़ में घायल अनवर अली से पूछताछ करते सीओ संवाद
- फोटो : Samvad
ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। थाना क्षेत्र के गांव में मंगलवार की शाम करीब चार बजे गोदाम से दुपट्टा लेने गई 11 साल की बच्ची के साथ कपड़ा कारोबारी अनवर अली ने छेड़खानी की। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की। घटना से करीब 15 घंटे बाद बुधवार की सुबह सात बजे मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है।
पुलिस के मुताबिक, ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के गांव में रहने वाली अनुसूचित जाति की महिला ने थाने में दरी व कपड़ा कारोबारी अनवर अली के खिलाफ दर्ज कराए केस में बताया कि मंगलवार की सुबह वह अपने पति के साथ हल्द्वानी से दवा लेने गई थी। घर में उसके चार बच्चे अपनी दादी और दादा के मौजूद थे। बुधवार की शाम करीब आरोपी अनवर की बेटी महिला की 11 साल साल की बेटी को दुपट्टा दिलवाने के बहाने अपने पिता के गोदाम पर ले गई।
आरोपी ने अपनी बेटी को ट्यूशन पढ़ने घर भेज दिया और महिला की बच्ची को गोदाम में कपड़ा दिखाने ले गया। आरोप है कि यहां आरोपी ने बच्ची के साथ छेड़खानी की। आरोपी ने बच्ची से कहा कि वह अपने घर जाकर कोई बात न बताए। वह उसे कपड़े देगा। किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकल कर बच्ची अपने घर पहुंची और अपने दादा दादी को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर महिला और उसका पति भी घर आ गया। रात करीब 12 बजे परिजन बच्ची को लेकर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया। ठाकुरद्वारा थाना प्रभारी संजय पांजाल देर रात से ही आरोपी की तलाश में जुट गए थे। बुधवार की सुबह करीब सात बजे आरोपी अनवर अली कालाझांडा गांव के पास खड़ा था। पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जिस पर बचाव में पुलिस ने भी उस पर फायरिंग की।
आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर गया। पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस उसे ठाकुरद्वारा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी मिलने पर सीओ आशीष प्रताप सिंह ने अस्पताल में पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की। आरोपी ने अपना गुनाह कबूला लिया है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल लिया है। बुधवार शाम उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।