भगतपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला ने जनपद अमरोहा के थाना बछरायूं क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक पर उसकी पुत्री के अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी सुहेल सैफी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने बताया कि उसकी 20 वर्षीय पुत्री के अश्लील फोटो आरोपी युवक द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे हैं। आरोप है कि जब परिवार की ओर से आरोपी द्वारा फोटो डालने का विरोध किया गया तो उसने जान से मारने की धमकी भी दी। महिला के अनुसार, आरोपी युवक पहले उसकी पुत्री के साथ नोएडा की एक टेलीकॉम कंपनी में काम करता था। आरोप है कि आरोपी ने फोटो को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।