ठाकुरद्वारा। भारतीय किसान यूनियन भानु ने मंगलवार को गांव रहटामाफ़ी में वन विभाग की भूमि पर खड़े शीशम के अनुमति से ज्यादा पेड़ काटने के विरोध में एसडीएम दफ्तर पर प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर इस मामले में आरोपी वन विभाग के कर्मचारी, पुलिस के दरोगा और ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
यूनियन ने ज्ञापन में कहा है कि गांव में प्रधान ने 36 शीशम के पेड़ काटने की अनुमति ली थी लेकिन इससे अधिक 78 पेड़ अवैध रूप से काट लिए गए हैं जो वन विभाग और सरकार की लाखों की आर्थिक क्षति है। ज्ञापन में एसडीएम को बताया गया कि इस मामले की जांच लेखपाल ने भी की थी जिसमें लेखपाल ने बताया है कि 36 से अधिक पेड़ काटे गए हैं। उन्होंने ग्राम प्रधान, वन विभाग के कर्मचारियों और एक दरोगा की सांठगांठ से अधिक पेड़ काटने में हमसाज होने का आरोप लगाया। उनके खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई की मांग की गई। एसडीएम ने उन्हें जांच का आश्वासन दिया है। यूनियन ने कार्रवाई न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है। वही वन क्षेत्र अधिकारी रवि कुमार गंगवार का कहना है कि इस बारे में शिकायत आईआरजीएस पर भी की गई थी जिसकी जांच वन विभाग कर रहा है। अभी जांच पूरी नहीं हुई है। ज्ञापन देने वालों में यूनियन के मंडल अध्यक्ष जाकिर हुसैन, रफीक अहमद, आलम, जावेद, अब्दुल रशीद आदि शामिल थे।
फोटो 3 ठाकुरद्वारा एसडीएम को गांव रहटामाफ़ी में शीशम के अधिक पेड़ काटने के आरोप में ज्ञापन देते यूनियन के कार्यकर्ता। संवाद