मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में सौतेली नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सिविल लाइंस के एक मोहल्ले में किराये पर रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि सात साल पहले उसके पति की मृत्यु हो गई थी। महिला की एक बेटी और एक बेटा है। महिला ने बताया कि पति की मौत के बाद उसने दूसरे युवक से शादी कर ली थी।
दूसरा पति महिला और उसके बच्चों के साथ ही किराये के मकान में रहता है। मकान मालिक ने ही महिला को बताया था कि उसकी गैर मौजूदगी में पति की हरकतें बच्चों के प्रति ठीक नहीं होती हैं। इसके बाद महिला ने अपनी बारह वर्षीय बेटी से पूछताछ की। इस दौरान बच्ची ने बताया कि सौतेले पिता उसका दो साल से शोषण कर रहे हैं। शिकायत करने पर मां और भाई की हत्या की धमकी देते हैं। इसी डर में बच्ची ने इतने समय तक अपनी मां को कुछ नहीं बताया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया गया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।