उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के बिलारी थाना इलाके में सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक कांवड़िया घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बिलारी थाना इलाके में आगरा हाईवे पर अमरपुर काशी गांव के पास गंगाजल लेने हरिद्वार जा रहे तीन कांवडिय़ों की बाइक खड़े ट्रक में घुस गई। तीनों कांवड़िए गंभीर घायल हो गए। तीनों को सीएचसी बिलारी में उपचार के लिए लाया गया जहां अभिषेक और छोटू को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे घायल ब्रजेश को रेफर कर दिया गया है।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि बदायूं जिले के उसामा गांव निवासी मनोज कुमार का बेटा अभिषेक कुमार (22) और इसी गांव निवासी महेश कुमार का बेटा बृजेश कुमार (22 ) और हरदोई जिले के हरदोई थाना इलाके के शाहाबाद निवासी सर्वेश का बेटा छोटू सिंह (21) तीनों एक ही बाइक से गंगाजल लेने हरिद्वार जा रहे थे।
हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी बाइक
शुक्रवार देर रात लगभग 9:30 बजे जब तीनों बाइक से चंदौसी बिलारी के बीच हाईवे पर अमरपुरकाशी गांव के पास पहुंचे तभी हाईवे किनारे खड़े ट्रक में उनकी बाइक घुस गई। ट्रक में बाइक घुसने से तीनों कांवड़िए गंभीर घायल हो गए। पीछे से आ रहे उनके साथी कांवड़ियों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
एंबुलेंस से तीनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी बिलारी लाया गया। यहां चिकित्सा अधिकारी ने तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मोहम्मद इमरान ने बताया कि तीनों बेहोश हैं और तीनों की हालत गंभीर बनी हुई थी।
उधर, तीनों कांवड़ियों के घायल होने की सूचना पर उनके साथी अनेक कांवड़िए भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। एसपी देहात कुंवर के आकाश सिंह ने बताया कि अभिषेक और छोटू की मौत हो गई है जबकि तीसरा कावड़िया घायल है।