मूंढापांडे थानाक्षेत्र में शुक्रवार सुबह हाईवे पर खड़े ट्रक में निजी बस टकरा गई। जिसमें एक यात्री की मौत हो गई। जबकि चालक समेत बारह लोग घायल हो गए। हादसे के समय बस चंडीगढ़ से हरदोई जा रही थी। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस की टक्कर से ट्रक पलट गया था। ट्रक में सो रहा चालक भी घायल हो गया।
मूंढापांडे थाना प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे एक ट्रक थानाक्षेत्र में टोल प्लाजा और जुबली ढाबे के बीच खड़ा था। इस दौरान चंडीगढ़ से हरदोई जा रही निजी बस खड़े ट्रक से टकरा गई थी। बस की टक्कर से ट्रक भी पलट गया। ट्रक चालक, बस चालक समेत बारह लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया।
जहां इलाज के दौरान एक यात्री नंदराम निवासी कछौना जनपद हरदोई की मौत हो गई। जबकि चालक जितेंद्र कुमार निवासी ग्राम मदारा थाना सांडी जनपद हरदोई और कंडक्टर संजय निवासी ग्राम हताई थाना बघौली जनपद हरदोई की हालत गंभीर बनी हुई है। बाकी यात्री अपना प्राथमिक उपचार कराकर चले गए हैं।