मुरादाबाद। यदि आप कार चला रहे हैं और आपको झपकी लग गई है तो तीन सेकेंड बीतते ही कार का इंजन बंद हो जाएगा और कार रुक जाएगी। यदि आपने शराब का सेवन कर कार चलाएंगे तो स्टार्ट ही नहीं होगी...यह सब फीचर छात्र शिवांशु द्वारा बनाए गए मॉडल में है। छात्र ने एक्सीडेंट कंट्रोल डिवाइस एंड कट ऑफ इंजन मॉडल बनाकर मंडल स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में पहला स्थान प्राप्त किया है। मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज में जिला विज्ञान क्लब मुरादाबाद की ओर से मंडल स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जवाहरलाल मेमोरियल इंटर कॉलेज सिरसी संभल के कक्षा दस के छात्र शिवांशु ने भी प्रतिभाग किया। शिवांशु ने बताया कि दो वर्ष पहले उन्होंने भूकंप अलार्म का मॉडल बनाया था, लेकिन जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उसका चयन नहीं हुआ।
इसके दो माह बाद अक्तूबर 2023 में उसके चाचा नन्हे सिंह का सड़क हादसे में निधन हो गया। हादसे की वजह चाचा काे झपकी लगने से कार का अनियंत्रित होना था। तभी विचार आया कि ऐसी कार आए जो झपकी लगते ही रुक जाए। इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए एक्सीडेंट कंट्रोल डिवाइस एंड कट ऑफ इंजन मॉडल बनाया। इसमें सेंसर लगे हैं। इसे बनाने में पांच हजार रुपये खर्च हुए और एक सप्ताह का समय लगा।