मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में बुधवार सुबह घने कोहरे में बाइक सवार ने पैदल जा रहे चौकीदार को टक्कर मार दी। इस हादसे में चौकीदार की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
चौकीदार चरन सिंह पाकबड़ा थनाक्षेत्र के सुल्तानपुर फलैदा गांव निवासी था। चरन सिंह के भाई श्योराज सिंह ने बताया कि चरन सिंह अगवानपुर शेरुआ में चौकीदारी करता था। चरन सिंह के परिवार में पत्नी रेखा और एक बेटा विवेक है। रोज की तरह मंगलवार रात भी चरन सिंह ड्यूटी पर आया था। बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे चरन सिंह पैदल ही अपने घर लौट रहे थे। पाकबड़ा-कोकरपुर गांव के बीच स्थित स्कूल के सामने तेज रफ्तार बाइक ने चौकीदार को टक्कर मार दी। इस हादसे में चौकीदार घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवा दिया गया। जहां डॉक्टरों ने चौकीदार को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। थाना प्रभारी नवल मारवाह ने बताया कि पीएम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।