मुरादाबाद। नेशनल हाईवे पर कटघर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्राले में घुस गई। हादसे में रोडवेज बस में सवार 16 यात्री घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया। यहां से कुछ लोगों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक बरेली डिपो की रोडवेज बस यात्रियों को लेकर बरेली से दिल्ली जा रही थी। कटघर थाना क्षेत्र में हादसा तड़के करीब चार बजे जीरो प्वाइंट के पास हुआ। पुलिस का कहना है कि रोडवेज बस के चालक को अचानक झप्पी लगने की वजह से तेज रफ्तार बस सड़क किनारे खड़े गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्राले में जा घुसी। हादसे के समय यात्री गहरी नींद मे थे। बस ट्राले में घुसी तो यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कटघर पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे में घायल होने वाले लोगों में बरेली के मीरगंज निवासी कंचन, किशनपाल, अमरोहा में सैदनगली निवासी शिवम, बरेली के शेरगढ़ निवासी रियाजउद्दीन, याकूब, इरफान, सखावत हुसैन, बदरुद्दीन, वसीम, साकिर हुसैन, साजिद, शबाब, इम्तियाज अहमद, आकिल, राजेंद्र आदि शामिल हैं। हादसे की सूचना पर एसएसपी अमित पाठक भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। पुलिस की सूचना पर घायलों के परिजन भी थोड़ी देर में जिला अस्पताल पहुंच गए।