दिल्ली हाईवे पर मझोला थाना क्षेत्र में जैन मंदिर के पास वाली गली से बुधवार दोपहर एक लड़की के अपहरण की सूचना पुलिस के पास पहुंची। सूचना देने वाले युवक ने खुद को प्रत्यक्षदर्शी बताते हुए पुलिस को जानकारी दी कि स्विट कार में सवार पांच युवकों ने गली में पैदल जा रही लड़की को जबरन खींचकर पीटते हुए कार में बैठाया और अपने साथ ले गए। तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे इलाके में छानबीन की लेकिन लड़की या उसे उठा ले जाने वालों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
घटना दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी युवक मिलन विहार का रहने वाला है। उसने डॉयल 112 पर सूचना दी कि जब वह गली से होकर हाईवे पर आ रहा था। तभी उसकी नजरों के सामने गली में पैदल जा रही लड़की को पीछे से आई स्विट कार में सवार युवकों ने पकड़ लिया। लड़की ने विरोध किया और शोर भी मचाया। लेकिन गली सुनसान होने की वजह से लोग सुन नहीं सके।
प्रत्यक्षदर्शी युवक ने पुलिस को सूचना दी है कि वह लड़की से कुछ दूरी पर था और उसने पूरे घटनाक्रम को अपनी नजरों से देखा है। युवक ने पुलिस को बताया कि लड़कों ने लड़की को पीटते हुए कार में बिठाया। लड़की अंदर नहीं जाना चाहती तो उनमें से दो युवकों ने उसे कोनी ने धक्का देते हुए कार में पिछली सीट पर बिठा लिया और कार भगा ले गए। तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को साथ लेकर उसके द्वारा बताया गया घटनास्थल देखा। युवक का कहना है कि जहां घटना हुई उसके थोड़ी दूरी पर एक घर पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं जिसमें गाड़ी और लड़की के बारे में जानकारी मिल सकती है।
इंस्पेक्टर मझोला का कहना है कि लड़की के अपहरण की सूचना पर पुलिस कई घंटे तक परेशान रही। लेकिन अभी तक यह पता नहीं लगा है कि लड़की कौन थी। लगता है कि होली पर दोस्तों के बीच कुछ हुआ होगा और युवक ने संभवत: गलतफहमी से उसे अपहरण समझकर पुलिस को सूचना दे दी होगी। यदि किसी लड़की का अपहरण हुआ होता तो परिवार वालों ने पुलिस से संपर्क जरूर किया होता। फिलहाल हम इसे फर्जी सूचना मान रहे हैं। सूचना देने वाला युवक गाड़ी का नंबर भी उपलब्ध नहीं करा सका है।