मुरादाबाद। गांधी नगर स्थित आधार सेवा केंद्र टेंडर खत्म होने की वजह से बंद कर दिया गया। जानकारी के अभाव में प्रतिदिन सैकड़ों लोग आधार सेवा केंद्र पहुंच रहे हैं। केंद्र बंद होने की वजह लोगों को वापस जाना पड़ रहा है। वहीं मुख्य डाकघर में आधार बनवाने और संशोधन कराने के लिए लोगों की भीड़ लगी रहती है। नंबर नहीं आने की वजह से प्रतिदिन 20 से 25 लोगों को वापस जाना पड़ रहा है।
जिले में कुल 118 आधार सेवा केंद्र हैं। इन केंद्रों पर आधार संशोधन का कार्य किया जाता है। गांधी नगर स्थित आधार सेवा केंद्र पर प्रतिदिन 500 लोगों का आधार संशोधन करने का कार्य किया जाता था लेकिन टेंडर खत्म होने की वजह से इसे बंद कर दिया गया है। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र बंद होने की जानकारी नहीं होने की वजह से प्रतिदिन सैकड़ों लोग आधार संशोधन कराने आते हैं। इन्हें बिना आधार संशोधन के वापस जाना पड़ता है। लोगों ने बताया कि आधार केंद्र बंद होने की स्थिति में काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। बिलारी से आधार संशोधन कराने आए प्रवीन कुमार वर्मा ने बताया कि बेटी के आधार में नाम में संशोधन कराना था। आधार केंद्र बंद होने की वजह से वापस जाना पड़ रहा है। कुंदरकी से बेटे का आधार बनवाने आए महेंद्र सिंह ने बताया कि कई दिन डाकघर गए लेकिन नंबर नहीं आने की वजह से वहां आधार नहीं बन पाया। गांधी नगर आया तो यहां पर आधार केंद्र बंद होना बताया जा रहा है।
00
दिल्ली रोड पर शिफ्ट होगा आधार सेवा केंद्र
-आधार सेवा केंद्र के अधिकारियों का कहना है कि गांधी नगर स्थित आधार सेवा केंद्र अब दिल्ली रोड शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां चल रही हैं। एक जनवरी से आधार सेवा केंद्र आधार कार्ड संशोधित करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
00
आधार के लिए ऑनलाइन होती है बुकिंग
-आधार संशोधन के लिए आवेदकों को ऑनलाइन बुकिंग करना होता है। स्लाट बुकिंग के लिए आधार केंद्र का नाम चुनना होता है। इसके बाद उसमें आधार केंद्र का नाम डालकर स्लाट बुक किया जाता है। स्लाट बुकिंग के दौरान आवेदक को समय और नंबर मिल जाता है। आवेदक दिए गए समय पहुंचकर आधार में संशोधन करवा सकते हैं।
00
मुख्य डाकघर में प्रतिदिन बनाए जा रहे 100 आधार
-मुख्य डाकघर में प्रतिदिन 100 आधार कार्ड बनाए और संशोधित कि जा रहे हैं। नंबर नहीं आने की वजह से प्रतिदिन 20 से 25 लोगों को बिना आधार में संशोधन कराए ही वापस जाना पड़ता है।