मुरादाबाद। फेसबुक के जरिये राजस्थान की युवती ने मझोला के ट्रांसपोर्टर से दोस्ती कर 32 लाख रुपये ठग लिए। जयपुर और लंदन में लहंगा, साड़ी का शोरूम होने की बात बताते हुए अलग-अलग तारीखों में रकम खाते में जमा करा ली। साइबर अपराध थाने की पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मझोला थाना क्षेत्र में रहने वाले ट्रांसपोर्टर ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि फेसबुक के जरिये उसकी दोस्ती हेमा रावत नाम की युवती से हो गई थी। इसके बाद उसने व्हाट्सएप नंबर ले लिया और बातचीत शुरू कर दी। युवती ने उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वह राजस्थान के जयपुर सिटी की मानसरोवर कॉलोनी में रहती है और लहंगा, साड़ी का बड़ा शोरूम है। एक शोरूम लंदन में है, जिसे चाचा चलाते हैं।
युवती ने ट्रांसपोर्टर को लालच दिया कि ट्रेडिंग के जरिये कमाई कर सकते हैं। इसके बाद युवती ने अन्य युवक अभिषेक से बात कराई। अभिषेक ने कहा कि जितना लाभ मिलेगा उसका 30 प्रतिशन कमीशन देना होगा। इस पर ट्रांसपोर्टर राजी हो गया और उसने पहले दस हजार रुपये आरोपियों के बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद हेमा, अभिषेक और नाजिया नाम की युवती ने अलग अलग खातों में 32 लाख 90 हजार 400 रुपये ट्रांसफर करा लिए।
इसके बाद आरोपियों ने ट्रांसपोर्टर से कहा कि आपको अपनी रकम और मुनाफा लेना है तो 15 लाख रुपये और जमा करने होंगे। पीड़ित ने उन्हें बताया कि उसके पास जितना पैसा वह दे चुका है। इस रकम में भी उसने अपने पिता और रिश्तेदारों से उधार लेकर लगाई है लेकिन आरोपियों ने न रकम लौटाई और न ही मुनाफा दिया।
एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आईटी एक्ट की धारा 66डी और बीएनएस की धारा 318 (4) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। साइबर अपराध थाने की पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।