मूंढापांडे। थानाक्षेत्र के गांव में घर में घुसकर दूसरे समुदाय के युवक ने किशोरी से दुष्कर्म किया जिससे पीड़िता गर्भवती हो गई। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी फिरासत को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव निवासी पीड़िता के पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि करीब चार माह पहले वह मजदूरी करने गया था। उसकी पत्नी भी मजदूरी करने गई थी। घर में 14 वर्षीय बेटी मौजूद थी। इसी दौरान फिरासत उसके घर में घुस गया। आरोपी ने बेटी को सूट खरीदने के लिए रुपये देने का लालच देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। जिस कारण पीड़िता ने किसी से शिकायत नहीं की और चुप रही। अचानक पीड़िता के पेट में दर्द होने लगा। मां-बाप बेटी को लेकर डॉक्टर के पास गए तो पता चला कि किशोरी गर्भवती है। पूछताछ करने पर पीड़िता ने बताया कि शादीशुदा फिरासत ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। बदनामी के डर से मां-बाप बेटी को रिश्तेदारी में ले गए। जहां 26 फरवरी 2025 में उसका गर्भपात कराया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने इस मामले में साक्ष्य जुटाए हैं। सीओ हाईवे राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी फिरासत को गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।