कांठ। शुक्रवार की रात छजलैट पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव छज्जुपुरा दोयम रेलवे क्राॅसिंग के पास रेल ट्रैक पर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। जिस पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। महिला की पहचान ममता ( 23) पत्नी यश कुमार निवासी मोहल्ला बंगला गांव थाना नागफनी मुरादाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार ममता छजलैट के गांव छज्जुपुरा दोयम निवासी रंजीत के यहां आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आई हुई थी। रंजीत का घर रेल ट्रैक से कुछ ही दूरी पर ही है। एसएचओ संजय कुमार पांचाल ने बताया कि ममता फोन पर बात करते-करते रेल ट्रैक पर आ गई थी। फोन में व्यस्त होने के कारण उसे ट्रेन के आने का पता नहीं लगा और वह उसकी चपेट में आ गई, जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पता लगने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी और परिजन भी आ गए। पुलिस ने रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। बताया गया है कि ममता की शादी को अभी एक साल भी नहीं हुआ है।