कांठ। विवाहिता का अपने ससुराल वालों से चला आ रहा विवाद तब एक बार फिर सुर्खियों में आ गया, जब रविवार को महिला अपनी चार साल बच्ची के साथ ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग करते हुए थाने के बाहर जमीन पर बैठ गई। पुलिस ने उसे समझाया वापस भेज दिया।
मामला कांठ थाना क्षेत्र के गांव का है। यहां की रहने वाली विवाहित महिला ने डीआईजी को दिए प्रार्थना-पत्र में कहा है कि उसे उसकी ससुराल वाले पिछले काफी दिनों से परेशान और प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने उसके कमरे के अंदर ताला लगाकर खाना न देते हुए मारपीट की थी। इसे लेकर उसका उसके ससुराल वालों से मुकदमा भी चल रहा है। उसने आरोपियों से खतरा भी बताया। उसका कहना था कि दस अप्रैल को संपूर्ण समाधान दिवस में एक प्रार्थना-पत्र दिया था। जिस पर अधिकारियों ने आदेश दिया था कि उसे उसके ससुराल वाले किसी भी तरह से प्रताड़ित न करें। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी उसके साथ मारपीट की जाती है। 28 मई की शाम ससुरालियों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। उसने पुलिस से इसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। इसी को लेकर वह रविवार को थाने के बाहर अपनी बच्ची के साथ बैठ गई। काफी देर समझाने के बाद पुलिस उसे थाने में ले गई और समझाया। इस मामले में एसएचओ सुदेश पाल सिंह का कहना है कि विवाहिता और ससुरालियों के बीच काफी समय से विवाद है। विवाहिता की ओर से ससुरालियों पर पहले से तीन एफआईआर दर्ज हैं। इनमें से दो में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है, एक की विवेचना जारी है। पहले भी कई बार दोनों पक्षों में सुलह का प्रयास किया जा चुका है। फिलहाल विवाहिता को समझाकर भेजा गया है। संवाद