कांठ। थाने में दर्ज कराई एफआईआर में विवाहिता ने कहा है कि वर्ष 2017 में उसकी शादी बिजनौर के चांदपुर थाना अंतर्गत गांव के रणवीर से हुई थी। उस पर सात वर्ष का बेटा भी है।
विवाहिता का आरोप है कि उसके पति ने विदेश जाने का बहाना बनाते हुए गुमराह कर 13 मई को यह कहते कहकर धोखे से तलाक ले लिया था कि हमारे संबंध पहले जैसे ही रहेंगे और वह कुछ दिन बाद उससे पुनर्विवाह कर लेगा। इसके बाद वह व्हाट्सएप और वीडियो कॉलिंग पर बात करते हुए कहता था कि यह तलाक कुछ दिन का है। लेकिन 13 सितंबर को उसका पति, पिता इकबाल, भाई पुष्पेंद्र, मां और रिश्तेदारों के साथ मायके आया, तब पता लगा कि रणवीर ने हरियाणा की युवती से दूसरी शादी कर ली है। इसके बाद भी उसे आश्वासन दिया गया कि एक महीने में उस युवती को भी तलाक देकर तुमसे ही पुनर्विवाह करेगा। आरोप है उसने भावनात्मक रूप से बहलाकर बिना उसकी मर्जी के दो बार शारीरिक शोषण भी किया। इसके बाद वह चला गया, अब उसने फोन पर बात करना बंद कर दिया। उसके घर वाले बार-बार पुनर्विवाह का वायदा करते रहे। पुलिस से शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। एसएचओ सुदेशपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है।