ठाकुरद्वारा क्षेत्र के गांव सरकार परम निवासी पूजा पति राजीव के साथ बाइक से उत्तराखंड के काशीपुर स्थित अपने मायके गई थी। बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे पूजा पति के साथ बाइक से ठाकुरद्वारा-कांठ मार्ग पर जा रही थी। बाइक के पीछे के पहिये में पूजा का दुपट्टा फंस गया। इससे पूजा सड़क पर गिर गई। वहीं, पहिये में दुपट्टा फंसे होने के चलते पूजा करीब 50 मीटर तक बाइक के साथ घसीटते हुए चली गई। पूजा की चीख सुन पति ने बाइक रोकी। सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस ने घायल पूजा को नगर को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।