मुरादाबाद। मैट्रिमोनियल बेवसाइट के जरिये बरेली निवासी दसवीं पास युवक ने खुद को एम्स का एमबीबीएस-एमएस डॉक्टर बताकर मझोला क्षेत्र में रहने वाली युवती से शादी कर ली। शादी के बाद पीड़िता उसके घर पहुंची तो भेद खुल गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक समेत 11 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मझोला क्षेत्र में रहने वाली 25 वर्षीय युवती ने मझोला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसने मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर अपनी प्रोफाइल अपलोड की थी। जिसके जरिए युवती से बरेली के फतेहगंज पूर्वी निवासी आकाश चौहान नाम के युवक ने खुद को डॉक्टर बताते हुए बातचीत की। कहा कि वह ऋषिकेश एम्स में कार्यरत है। युवती के पिता ऋषिकेश एम्स पहुंचे तो वहां आकाश चौहान नेम प्लेट लगाकर और सफेद कोट में मिलने के लिए आया।
इसके बाद युवती के परिजन आरोपी के घर बरेली भी गए। वहां आकाश के परिवार के दस लोग मौजूद थे। उन लोगों ने आकाश की डॉक्टरी की फर्जी डिग्रियां दिखा दीं। दोनों परिवारों की सहमति पर 21 अप्रैल 2026 को शहर के एक होटल में शादी कर दी गई। नौ मई 2026 को पीड़िता को पता चला कि आकाश एमबीबीएस एमएस डॉक्टर नहीं, बल्कि दसवीं पास है।
पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने डरा धमकाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकली और फोन पर अपने पिता और अन्य परिजनों को घटना की जानकारी दी। युवती के परिजन बरेली पहुंच गए और वहां थाने में शिकायत की लेकिन बरेली की पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
इसके बाद परिजन पीड़िता को अपने साथ मुरादाबाद ले आए। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आकाश चौहान, उसकी नानी, मां-पिता, भाई, बहन, मामा-मामी, जीजा, मौसा-मौसी के खिलाफ अलग अलग धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी आकाश के खिलाफ दुष्कर्म की धारा भी लगाई है, जबकि बाकी आरोपियों पर धोखाधड़ी व अन्य धाराएं लगाई हैं।