कुंदरकी (मुरादाबाद)। मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर बुधवार की शाम करीब 5:15 बजे तेज रफ्तार कार चालक दो बाइकों को रौंदते हुए भाग गया। हादसे में मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव बघी गोवर्धनपुर निवासी एक बाइक सवार नाजिम (32) की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार कुंदरकी थाना क्षेत्र के गांव गजूपुर निवासी कमरे हसन और उनकी पत्नी अरवाइन जहां घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव बघी गोवर्धनपुर निवासी नाजिम ईंट भट्ठे पर काम कर परिवार का पालन पोषण करते थे। बुधवार की शाम वह बाइक से अपनी बहन के घर गांव मिलक सीकरी जा रहे थे। जबकि कुंदरकी थाना क्षेत्र के गांव गजूपुर निवासी कमरे हसन और अपनी पत्नी अरवाइन जहां और दो बच्चों के साथ मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव खपरेल की मिलक में ससुराल जा रहे थे। मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर पहुंचने पर तेज रफ्तार कार चालक दोनों की बाइकों में टक्कर मारकर भाग गया। हादसे में नाजिम, कमरे हसन और उसकी पत्नी अरवाइन जहां गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि कमरे हसन के दोनों बच्चे बाल-बाल बचे। हादसे के बाद घटनास्थल पर एकत्र लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों नाजिम को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर पहुंचे नाजिम के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। साथ ही आरोपी कार चालक की तलाश में हाईवे किनारे सार्वजनिक स्थलों और मकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है।
फोटो संख्या एक भेजा गया है।
सिर फटने से गई नाजिम की जान
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के वक्त नाजिम ने सिर पर हेलमेट नहीं लगाया था। कार की टक्कर से उसका सिर फट गया और काफी खून बह गया। जिससे हादसे से कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। लोगों का कहना है कि यदि वह हेलमेट पहना होता तो शायद उसकी जान बच जाती।
सड़क क्रॉस कर रहे फर्मकर्मी को मैजिक ने मारी टक्कर
कुंदरकी। मुरादाबाद आगरा हाईवे पर कुंदरकी थाना क्षेत्र में मिलक नानपुर के सामने सड़क क्रॉस कर रहे सिविल लाइन थाना क्षेत्र के चंद्रनगर निवासी फर्मकर्मी राजीव कुमार को टाटा मैजिक को टक्कर मार दी। हादसे में फर्मकमी के गंभीर चोटें आई हैं। उनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मैजिक चालक को तलाश कर रही है।