बहजोई। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से पात्र दिव्यांगजन को सरकारी योजना का लाभ दिलाए जाने के लिए संपूर्ण समाधान दिवस में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। जिला दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी माधवी पांडेय ने बताया कि विशेष कैंप लगने से दिव्यांग जनों को अपनी किसी भी समस्या के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने बताया कि दिव्यांग पेंशन, कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण, शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना व शल्य चिकित्सा आदि का लाभ दिलाए जाने के लिए दिव्यांग जनों के आवेदन कराए जाएंगे।
साथ ही डीएसओ की ओर से कैंप में राशन कार्ड से वंचित दिव्यांग जनों के राशन कार्ड, सीएमओ की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांगता व रेलवे रियायती प्रमाणपत्र, पीओ डूडा की ओर से आवास, एलडीएम की ओर से रोजगार के लिए ऋण, डीआईओ एनआईसी की ओर से आधार कार्ड व आधार कार्ड में संशोधन व जीएम डीआईसी की ओर से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लिए पात्र दिव्यांग जनों को आवेदन कराए जाएंगे।