बिलारी (मुरादाबाद)। गांव नगलिया जट में सहकारी प्रशिक्षण केंद्र के पास स्थित रुई के गोदाम में रविवार को मशीन से निकली चिंगारी से आग लग गई। आग में कच्चा और तैयार माल के साथ ही मशीनें जल गईं। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
नगलिया जट गांव निवासी अफजाल मलिक का एएफ मलिक ट्रेडर्स के नाम से कारखाना और उसके निकट ही रूई का गोदाम है। यहां पर पानीपत और अमरोहा से पुराना कपड़ा और अन्य कच्चा माल मंगाकर मशीनों के जरिए रूई बनाकर दूसरे शहरों को भेजा जाता है। गोदाम स्वामी के अनुसार, रविवार की सुबह करीब 11:30 बजे मजदूर मशीनों से रूई तैयार कर रहे थे। इसी दौरान मशीन से निकली चिंगारी से रूई के ढेर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने भीषण रूप ले लिया। मजदूर मशीन छोड़कर भाग गए।
गोदाम से आग की ऊंची पलटें और धुआं उठता देखकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने करीब एक घंटा मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों का तैयार माल, कच्चा माल व मशीनें जल गईं। पीड़ित ने करीब 20 लाख का नुकसान बताया है।
विधायक और सीओ भी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी होने पर सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान और सीओ अशोक कुमार सिंह ने भी मौके पर जाकर जानकारी ली। गोदाम स्वामी ने दमकल टीम पर देरी से पहुंचने की शिकायत की है। सपा विधायक से गोदाम स्वामी ने प्रदेश सरकार से मुआवजा दिलवाने की मांग की।
राजस्व अधिकारियों ने मौके पर जाकर की घटना की जांच
एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार विजय कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में राजस्व टीम भी मौके पर पहुंची और आग की घटना की जांच की। टीम ने आग लगने की वजह और फोन करने के कितनी देर बाद दमकल टीम पहुंचने की जानकारी जुटाई। आग लगने से गोदाम स्वामी का कितना नुकसान हुआ है।
रूई गोदामों पर नहीं आग से बचाव के पुख्ता इंतजाम
शाहबाद रोड पर मोहल्ला रजा नगर इलाके में कई रूई गोदाम बने हुए हैं। इन गोदामों पर मशीनों के जरिये कच्चे माल से रूई तैयार की जाती है। पूर्व के वर्षों में कई बार इसी तरह से रूई मशीन में निकली चिंगारी से रूई गोदामों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। रूई गोदामों पर गोदाम स्वामियों द्वारा आग बुझाने के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाते हैं। रविवार दोपहर नगलिया जट में जिस रूई गोदाम में आग लगी वहां पर भी आग बुझाने के पुख्ता इंतजाम नहीं थे।
फोटो परिचय-05,06,07,08,09
फोटो परिचय-05,06,07,08,09