बिलारी के सतारन गांव में युवक के कमरे बाहर खड़े ग्रामीण-संवाद
बिलारी (मुरादाबाद)। गांव सतारन में रविवार की दोपहर डेयरी संचालक हापुड़ जिले के थाना बहादुरगढ़ के गांव डेहरा कुटी गांव निवासी आयुष तोमर (20) का शव मकान में फंदे से लटका मिला। वह परिचित युवती के परिजनों द्वारा लगातार फोन करने से वह मानसिक रूप से परेशान था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हापुड़ जिले के थाना बहादुरगढ़ के गांव डेहरा कुटी निवासी विकास तोमर की मौत के बाद उनकी पत्नी बब्ली अपने मायके मीरगंज चली गईं, जबकि बेटा आयुष अकेला गांव में ताऊ के पास रहने लगा। कुछ समय बाद पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर ताऊ से विवाद होने पर आयुष बिलारी में अपने मौसा मनोज के पास आकर रहने लगा। वहां पर उसने अपने मौसेरे भाई वरुण के साथ किराये का मकान लेकर दूध की डेयरी शुरू की थी।
रविवार की सुबह के समय दूध की खरीद करने के बाद वरुण तो चीनी मिल आ गया, जबकि आयुष डेयरी पर ही रह गया। दोपहर लगभग एक बजे जब वरुण ने खाना खाने के लिए आयुष को कई बार फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। जिसके बाद वरुण गांव पहुंचा तो घर का दरवाजा बंद था। इसके बाद वह पड़ोसी की छत से होकर मकान में पहुंचा और कमरे में झांककर देखा तो आयुष का शव फंदे से लटका था। वरुण ने तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान और चौकीदार को दी। सूचना पर थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह पता चल सकेगी। वहीं मृतक के मौसेरे भाई ने आयुष कुछ दिन से मानसिक तनाव में था। बताया कि पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर उसके ताऊ फोन कर गांव वापस आने के लिए दबाव बना रहे थे। इसके अलावा किसी परिचित लड़की के परिजन कई दिन से उसे लगातार फोन कर किसी बात का दबाव बना रहे थे।
पुलिस के तलाशने के बाद भी नहीं मिला मोबाइल
पुलिस और फोरेंसिक टीम को तलाशी लेने पर आयुष का मोबाइल भी नहीं मिला। मृतक के मौसा और मौसेरे भाई ने थाना पुलिस से मांग उठाई कि आयुष पर आखिरी फोन किसका आया था। इस बात का पता लगाना जरूरी है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट के बाद जरूरत समझने पर आयुष के फोन की सीडीआर भी निकलवाई जाएगी।
फोटो परिचय-01,02,03,04