बिलारी। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा से घर में घुसकर छेड़खानी करने और धमकी देने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़ित छात्रा और तीनों आरोपी अलग अलग जाति वर्ग के बताए जा रहे हैं। छात्रा के परिजनों ने आरोपियों की दबंगई के डर की वजह से छात्रा को स्कूल जाने से रोक लिया है। छात्रा के पिता की ओर से सोमवार को थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि उसकी 17 वर्षीय बेटी को स्कूल जाते समय गांव निवासी अभिषेक यादव अक्सर छेड़खानी कर परेशान करता है। बीती 24 फरवरी को उसके भतीजे की लगुन के कार्यक्रम दौरान रात में मौका देखकर अभिषेक उसके घर में घुस आया और बेटी से छेड़खानी करने लगा। समाज में बदनामी के डर से किसी को यह घटना नहीं बताई और मजबूर होकर अपनी बेटी को आगे की पढ़ाई से रोक दिया।
ग्रामीण के अनुसार बीती 11 जुलाई को अभिषेक सुनियोजित साजिश के तहत अचानक घर से गायब हो गया और देर रात दस बजे चुपके से अपने घर में आ गया।अभिषेक के पिता राजवीर यादव और रिश्तेदार विवेक यादव ने यह आरोप लगाते हुए धमकाया कि तुमने मेरे बेटे का अपहरण करके कहीं बंधक बना रखा है। आरोपी पक्ष ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीण ने अपनी तहरीर में यह भी कहा है कि अपनी बेटी और अपने उत्पीड़न से परेशान होकर उसका मन आत्महत्या करने को कर रहा है। पुलिस ने अभिषेक यादव, विवेक यादव और राजवीर यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।