मुरादाबाद। सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाले पेंटर से कुछ लोगों ने छह लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो महिलाओं समेत छह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के हरथला रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले जुल्फिकार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह वह पेंटर है। उन्होंने कुछ समय पहले अपनी जमीन बची थी। सिविल लाइंस के हिमगिरी कॉलोनी निवासी जफर, उसकी पत्नी आसमा, छजलैट के सराय खजूर निवासी नफीस और उसकी पत्नी कमरुल निशा उसके पास आए और उन्होंने कहा कि जफर को रुपयों की जरूरत है। आरोपियों ने जफर को छह लाख 90 हजार रुपये उधार दिला दिए।
तीन माह में रकम वापस दिलाने का वादा किया था, लेकिन आरोपियों ने तय समय में रकम वापस नहीं की। पीड़ित ने अपनी रकम के लिए दबाव बनाया तो आरोपी धमकी देने लगे।
आरोप है कि एक दिन जफर ने अपनी दुकान पर बुला लिया, जहां जफर, उसकी पत्नी आसमा, नफीस, उसकी पत्नी कमरुल निशा और जफर के दो बेटे जीशान व फरमान मौजूद थे। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर रुपये के लिए दबाव बनाया तो तुम्हारी हत्या कर दी जाएगी। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।