मुरादाबाद। एमडीए की मझोली स्थित समाजवादी आवास योजना का दस साल पहले पूर्व मंत्री शिवपाल यादव ने उद्घाटन किया था लेकिन मौके पर तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का शिलापट्ट आज भी मौजूद है। इस योजना पर चहारदीवारी के अलावा जमीन पर कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ। स्थानीय लोगों के लिए यह जमीन कूड़ा फेंकने की जगह और खेल का मैदान बन गई है।
प्रीति विहार कॉलोनी के लिए जाने वाले मार्ग पर दो मई 2015 को एमडीए ने तीन मंजिला एलआईजी फ्लैट के निर्माण का शिलान्यास कराया था। यहां पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का शिलापट्ट लगा है लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि उस समय अखिलेश यादव की जगह उनके चाचा शिवपाल यादव आए थे। उन्होंने भूमि पूजन भी किया था। दो साल बाद योगी सरकार आने पर योजना का काम ठप पड़ गया।
चहारदीवारी हुई ध्वस्त
एमडीए ने योजना को मूर्तरूप देने के लिए दो तरफ से चहारदीवारी का निर्माण कराया था। कुछ लोग जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। जिला प्रशासन ने उस समय अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया था। स्थानीय लोगों ने चहारदीवारी को ध्वस्त कर दिया। आस पास के लोगों ने वहां कूड़ा फेंकना शुरू किया। स्थानीय युवकों ने वॉलीबाल खेलने के लिए मैदान बना दिया।
बोरिंग भी की गई लेकिन नल नहीं लगा
एमडीए ने वर्षों पहले चहारदीवारी बनाई थी लेकिन अब कुछ नहीं है। नगर निगम ने इस जमीन पर नल लगाने के लिए बोरिंग कराया था लेकिन नल भी नहीं लगाया गया। एमडीए के लोग भी यहां नहीं आते हैं।
मंजू मझौली की रहने वाली
एमडीए की योजना से पहले यहां किसानों के खेत थे। 2015 में एमडीए ने जमीन का अधिग्रहण किया। यहां ठेकेदार भी जमीन को कब्जा करना चाहते थे। उद्घाटन के बाद एमडीए के अधिकारियों ने कोई रूचि नहीं ली।
वेद प्रकाश स्थानीय नागरिक
एमडीए की कॉलोनी का उद्घाटन करने के लिए 2015 में शिवपाल यादव यहां आए थे। काफी भव्य कार्यक्रम हुआ। इसके बाद एमडीए के अधिकारी देखरेख करने के लिए नहीं आए। इसी वजह से चहारदीवारी भी ध्वस्त हो गई।
मुकेश सैनी मझोली
यहां चहारदीवारी दिखाई नहीं दे रही है। कोई देख रेख करने वाला नहीं है। करोड़ों की जमीन लावारिस पड़ी है।
लोकेश चौहान स्थानीय नागरिक
एमडीए बोर्ड में उठाया जाएगा
एमडीए बोर्ड के सदस्य राजू कालरा ने बताया कि मझोली में काफी कीमती जमीन लावारिश पड़ी है। इसकी जानकारी मिली है। इस मामले को अगले बोर्ड में उठाया जाएगा। एक योजना फेल होने पर दूसरी योजना लाई जा सकती है।