बिलारी। खंडुआ गांव में सोमवार आधी रात के बाद घर के बरामदे में सो रही नाजमीन (25) ने घर में ही करंट प्रवाहित विद्युत तार पकड़ कर जान दे दी।नाजमीन अपने पति के लगातार उत्पीड़न से परेशान थी। पुलिस ने नाजमीन का शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
नाजमीन की शादी लगभग छह साल पहले कस्बा और थाना पाकबड़ा के महलकपुर रोड निवासी आसिफ के साथ हुई थी। नाजमीन के पास आसिफ से पैदा चार साल की बेटी अनाया है। शादी के लगभग दो साल बाद ही पति आसिफ ने नाजमीन का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। परेशान होकर वह अपने मायके खंडुआ गांव में बेटी के साथ आकर रहने लगी। सोमवार रात को नाजमीन बरामदे में और उसका भाई इमरान मकान के ऊपर के हिस्से में सो रहा था। आधी रात के बाद लगभग साढ़े बारह बजे जब इमरान अपना मोबाइल चार्जिंग पर लगाने के लिए बरामदे में आया तब उसने नाजमीन को फर्श पर पड़ा देखा।
इमरान ने बताया कि दीवार पर लगे बिजली के बोर्ड में टेबल फैन चलाने का जो तार लगा हुआ था वह करंट प्रवाहित था और वही तार उसकी बहन के हाथ में था। इमरान के अनुसार अपने पति के लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर उसकी बहन ने रात में जान देने की नीयत से करंट प्रवाहित बिजली का तार पकड़ लिया। परिजन रात में ही अचेत अवस्था में नाजमीन को उपचार के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल में ले गए। वहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद नाजमीन को मृत घोषित कर दिया। मृतका नाजमीन के मायके वाले परिवार में वृद्ध माता आसमीन के अलावा तीन भाई सददाम,इमरान और रिजवान हैं।
मंगलवार सुबह ग्राम पंचायत खंडुआ के प्रशासक चौधरी रविंद्र सिंह की सूचना पर थाना बिलारी पुलिस और फॉरेंसिक टीम नाजमीन के घर पहुंची और परिजनों से घटना के बारे में जानकारी कर साक्ष्य जुटाए। बाद में मजिस्ट्रेट के रूप में पहुंचे नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। थाना बिलारी प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के घरवालों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। मौत का सही कारण जानने के लिए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में मृतका के घरवालों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
मृतका नाजमीन के भाई इमरान ने बताया कि उसकी बहन की ओर से अपने पति आसिफ के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और भरण पोषण का मुकदमा मुरादाबाद की अदालत में चल रहा है। वर्ष 2022 में नाजमीन ने अपने पति के खिलाफ थाना बिलारी में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में वर्ष 2023 में परिवार न्यायाधीश मुरादाबाद के न्यायालय में पति के खिलाफ भरण पोषण का वाद दायर किया था। भाई के अनुसार बीती छह जुलाई के मुरादाबाद कचहरी में तारीख पर हाजिरी के दौरान उसकी बहन अपने पति के सामने रोई और गिड़गिड़ाई थी। पति ने उस समय यह कह कर फटकार लगाई थी कि मैंने तो दूसरी शादी कर ली अब मेरा तुमसे कोई मतलब नहीं है। पति का यह रवैया देखकर नाजमीन ने घर आकर खाना भी नहीं खाया था और वह काफी मानसिक तनाव में थी। पति के इसी रवैये से आहत होकर उसने करंट प्रवाहित बिजली का तार पकड़ लिया।