मैनाठेर। गांव लालपुर बस्तौर के कई युवकों को विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि एजेंट ने खजूर पैकिंग की नौकरी और बेहतर वेतन का भरोसा दिलाकर उन्हें दुबई भेज दिया, लेकिन वहां पहुंचने पर उनसे वादा के अनुसार काम देने के बजाय अन्य कार्य कराए गए। पीड़ित ने बताया कि उसके पड़ोसी नसीम के घर आने-जाने वाले थाना छजलैट क्षेत्र के बगीया सागर निवासी सलमान ने विदेश में अच्छी पकड़ होने का दावा किया।
उसने युवकों को खजूर पैकिंग का काम, 8 घंटे की ड्यूटी और करीब 1475 दिरहम मासिक वेतन मिलने का भरोसा दिया। इस भरोसे में आकर पीड़ित सहित गांव के अन्य लोगों ने अपने बेटों को भेजने के लिए एजेंट को मोटी रकम दे दी। बताया कि दिसंबर माह में कई युवकों को विदेश भेजा गया लेकिन वहां पहुंचने के बाद उनसे खजूर पैकिंग के बजाय बकरी चराने और सफाई का काम कराया गया। साथ ही तय 8 घंटे के बजाय करीब 11 घंटे काम लिया गया। परेशान होकर युवक किसी तरह वापस अपने घर लौट आए। पीड़ित का कहना है कि एजेंट ने रकम लौटाने का आश्वासन दिया था लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी पैसे वापस नहीं किए गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एजेंट सलमान, उसके भाई शादाब व साजिद और पिता नसीम अहमद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।