कांठ। अपने खेत पर जा रहे होमगार्ड और उसके भाई पर रास्ते में पहले से खड़े कार सवारों ने अचानक चाकू से हमला करते हुए तमंचे से फायर कर दिया। जिससे होमगार्ड और उसके भाई घायल हो गए। वारदात को अंजाम देकर कार सवार मौके से भाग गए। पुलिस ने घायलों का इलाज कराया है। पीड़ितों ने पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
वारदात कांठ थाना क्षेत्र के गांव मुख्त्यारपुर नवादा के पास ही है। रविवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे गांव मुख्त्यारपुर नवादा निवासी होमगार्ड संजय कुमार और उनके भाई संजीव कुमार उर्फ गुड्डू अपने खेत पर जा रहे थे। जैसे ही यह दोनों गांव के पास स्थित आशापुर कॉलोनी के निकट ट्रांसफार्मर के पास पहुंचे तो यहां पहले से खड़े कार सवार युवकों ने संजय और संजीव के साथ गाली-गलौज करते हुए अचानक होमगार्ड संजय पर चाकू से हमला कर दिया। जब संजीव ने शोर मचाते हुए संजय को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके ऊपर पर चाकू से प्रहार करते हुए तमंचे से फायर किया। चाकू के हमले से दोनों भाई घायल हो गए। वारदात को अंजाम देकर कार सवार मौके से भाग गए। सूचना मिलते ही पीआरबी 112 पुलिस मौके पर पहुंची घायलों को थाने लेकर आई। इसके बाद गांव मुख्त्यारपुर नवादा के तमाम ग्रामीण भी थाने पहुंच गए। पुलिस ने घायल होमगार्ड और उसके भाई को इलाज व मेडिकल के लिए सीएचसी भेज दिया। यहां होमगार्ड की कमर व पसली में चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें एक्स-रे के लिए लिखा है। इधर पीड़ितों का कहना है कि हमला करने वालों के साथ आशापुर कॉलोनी के लोग भी थे। इस मामले में संजीव कुमार ने एक नामजद सहित कार सवार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। इधर ग्रामीणों का कहना है कि आशापुर कॉलाेनी और उसके आसपास नशेड़ियों का जमघट लगा रहता है।