होली के त्योहार पर छुट्टी लेकर दिल्ली से अपने घर जा रहे करीब 20 लोगों से भरे कैंटर और कंटेनर की भिड़ंत हो गई। हादसा शनिवार सुबह साढे़ चार बजे एनएच-24 पर मूंढापांडे में नियामतपुर के पास हुआ, जिसमें कैंटर सवार धेवती, दामाद सहित नाना की मौत हो गई। आरोपी कंटेनर चालक और कैंटर चालक मौके से भाग गए हैं। हादसे के कारण हाईवे पर जाम लग गया। क्षतिग्रस्त कैंटर को हाईवे से हटाकर जाम खुलवाया।
एसएचओ मूंढापांडे अजय गौतम ने बताया कि कैंटर में बरेली के शेरगढ़ स्थित मुगई गांव में रहने वाले सुरजीत (40) उनकी बेटी रितिका (4) और रामपुर के बड़ा गांव निवासी सुरजीत के ससुर रामपाल (40) सहित करीब 20 लोग सवार थे। सभी लोग होली की छुट्टी पर दिल्ली से घर लौट रहे थे। कैंटर सुबह साढे़़ चार बजे के करीब जब मूंढ़ापांडे में नियामतपुर के पास पहुंचा तो एक कंटेनर से उसकी भिड़ंत हो गई। कैंटर पीछे से कंटेनर में टकराया है।
कैंटर में चालक के बगल में बैठे रामपाल, सुरजीत और सुरजीत की बेटी रितिका की मौत हो गई। कैंटर सवार दस लोग जख्मी हो गए। अन्य घायलों की मदद से सुरजीत और रामपाल के परिवार वालों को हादसे की सूचना दी गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से ज्यादातर को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
सूचना पर मृतकों के परिवार के लोग मोर्चरी पहुंचे। एसएचओ ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया है। तहरीर मिलने पर इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। शुरूआती जांच में कैंटर चालक की गलती भी सामने आई है, क्योंकि कैंटर ही कंटेनर में पीछे से टकराया था। इस मामले में कैं टर चालक के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।