ठाकुरद्वारा। रतूपुरा-करनपुर मार्ग पर रविवार को तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार किसान दंपती को कुचल दिया। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों ने दो किमी तक पीछा कर कार को घेर लिया। चालक को पकड़ लिया। उसकी पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि उसके तीन साथी भाग गए। रतूपुरा निवासी चंद्र मोहन उर्फ बबलू अपनी पत्नी सुनीता (48) के साथ रविवार को शाम करीब चार बजे साइकिल से खेत पर जा रहे थे।
साइकिल पर पीछे उसकी पत्नी बैठी थी, जब वह दारापुर मार्ग पर गांव की नई बस्ती के पास पहुंचे, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने साइकिल सवार दंपती को कुचल दिया। सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर घायल बबलू को पहले गांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालत गंभीर होने के कारण उन्हें काशीपुर के निजी अस्पताल में ले जाया गया है।
दुर्घटना के बाद भाग रहे कार सवार का ग्रामीणों ने पीछा किया, ग्रामीणों ने कार को घटना स्थल से दो किमी दूर जाकर पकड़ लिया। इस दौरान मोड़ पर असंतुलित होकर कार सड़क किनारे गहरे खेत में चली गई। यूकेलिप्टस के पेड़ से टकराकर रुक गई। उसमें सवार तीन युवक तो भाग गए लेकिन ग्रामीणों ने चालक गांव तरफ दलपत निवासी दिनेश को पकड़ लिया। उसकी पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दिनेश का सरकारी अस्पताल में इलाज कराया। पुलिस ने कार और साइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने मृतक सुनीता के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने बताया कि अभी दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
आरोपी चालक हिरासत में है। दंपती का एकमात्र पुत्र अनिकेत है जो नोएडा में प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता है। दुर्घटना के बाद उसके बबलू के घर पर ताला लटका हुआ था। सुनीता की मौत से परिजनों का हाल बेहाल था।