मुरादाबाद। साइबर अपराधी ने फेसबुक पर एक पुलिस अफसर की फर्जी आईडी बनाकर ठेकेदार से 2.21 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने ठेकेदार से और रकम मांगी तो उन्हें शक हो गया। उन्होंने अपने परिचित अफसर के मोबाइल पर संपर्क कर बात की तो पता चला कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।
पाकबड़ा थानाक्षेत्र के यूसुफपुर नगलिया निवासी फहीम आलम ठेकेदार हैं। उन्होंने पुलिस से बताया कि फेसबुक पर उनके नाम से आईडी बनी है। 24 मार्च को फेसबुक पर उनके परिचित पुलिस अधिकारी के नाम से बनी आईडी से फ्रेंड्स रिक्वेस्ट आई थी। उन्होंने उस आईडी को अपनी आईडी से जोड़ लिया। इसके बाद दोनों के बीच फेसबुक के मैसेंजर पर बातचीत हुई।
अफसर के नाम से बनी आईडी से ठेकेदार से कुछ मदद के लिए मैसेज भेजा गया। झांसे में आकर ठेकेदार ने फोन के जरिये तीन हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 50 हजार और फिर दो बार दो-दो हजार रुपये फोन पे के माध्यम से ही ट्रांसफर कर दिए। दूसरे खाते से तीन बार में 1.64 लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए। ब्यूरो