ठाकुरद्वारा। गांव अब्दुल्लापुर लेदा में बच्चों के साथ तालाब में नहाने गए एक बच्चे की मौत हो गई। उसकी मौत से परिवार के लोग बेहद दुखी हैं।
गांव अब्द्ल्लापुर लेदा निवासी गुलजार अहमद का बेटा अता हुसैन (10 ) गांव के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता था। वह बृहस्पतिवार को दोपहर करीब 12:00 बजे गर्मी के कारण गांव के कुछ बच्चों के साथ पास में स्थित तालाब में नहाने के लिए गया था।
नहाते समय वह तालाब के गहरे पानी में चला गया। उसके साथ नहाने गए बच्चों ने शोर मचाया। इस पर उसके परिजन मौके पर आ गए। बाद में अता हुसैन को गांव के युवकों ने तालाब से बाहर निकाला।
परिजन उसे इलाज के लिए काशीपुर के निजी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टर ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजन सबको लेकर घर पर आए। भारी ग़मगीन माहौल में उसका शव दफन किया गया। अता हुसैन की मौत से उसकी मां आसमा, पिता, दो भाइयों अली और अयान का रोते हुए बुरा हाल था।