भगतपुर के गांव खबड़िया निवासी मृतका अन्नो देवी का फाइल फोटो
भगतपुर। तेज आंधी के दाैरान एक घर की सीमेंट की चादर उखड़ कर उड़ गई। इस चादर पर रखी ईंट घर में सामान समेट रही महिला के पर गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा बृहस्पतिवार शाम तेज आंधी के दौरान ग्राम खबड़िया घाट में हुआ। गांव निवासी अन्नो देवी (50) अपने घर के आंगन में रखा कुछ सामान समेट रही थीं। इसी दौरान उनके मकान के ऊपर बने कमरे के ऊपर डाली गई सीमेंट की चादर उखड़ कर उड़ गई और चादर पर रखी ईंट आदि सामान घर के आंगन में मौजूद अन्नो देवी के ऊपर गिर गया। ईंट सिर पर लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
इसके बाद उनके पति राम फूल सिंह व अन्य परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए अन्य अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उन्हें एक अन्य अस्पताल में लेकर गए जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने अन्नो देवी को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया, परिजनों का रो-रो कर बुराहाल है। अन्नो देवी के पांच बच्चे हैं।
भगतपुर के गांव खबड़िया निवासी मृतका अन्नो देवी का फाइल फोटो