मुरादाबाद। बंगाली कल्याण समिति और मंडी चौक सांवरकर समिति की ओर से शनिवार को काली माता की शोभायात्रा निकाली गई। अलग-अलग स्थानों से निकाली गई शोभायात्रा को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी। इस दौरान काली नृत्य का आयोजन भी किया गया, जिसे देख श्रद्धालु झूम उठे। युवा इस पर जमकर नाचे। रामगंगा नदी में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
बंगाली कल्याण समिति की ओर से रविवार को मंडी चौक स्थित गुलाबदास मंदिर से निकाली गई शोभायात्रा टाउन हाल, ताड़ीखाना, कपूर कंपनी, पीली कोठी होते हुए रामगंगा नदी तक गई। शोभायात्रा में गणेश जी, काली माता की झांकियां शामिल थीं। साथ में दो डीजे बैंड भी थे, जिनपर भक्ति गीत बज रहे थे। काली नृत्य पर युवाओं ने अपने जिस्म को हरकत दी। मस्ती का रंग ऐसा चढ़ा कि कई लोग सड़कों पर ही नाचने लगे। यह देख बड़े-बुजुर्ग भी झूम उठे। उन्होंने भी नृत्य कर माहौल को और खुशनुमा बना दिया। रामगंगा नदी में मूर्तियों का विसर्जन किया गया। इस मौके पर बंगाली कल्याण समिति के अध्यक्ष डा. पीके राय, महासचिव जेसी मंडल, सुशांत सांद्रा, काशीनाथ दास आदि मौजूद थे।
इसी तरह मंडी चौक बंगाली सांवरकर समिति की ओर से भी शोभायात्रा निकाली गई, जो बुद्ध बाजार, स्टेशन रोड होते हुए रामगंगा नदी तक गई। शोभायात्रा में काली माता की झांकियों के साथ ही गुलाबदास मंदिर की मूर्तियों की झांकी भी शामिल थीं। मां की मनोरम झांकी देख श्रद्धालु झूम उठे। डीजे की धुन पर उन्होंने भी अपने जिस्म को हरकत दी। युवाओं ने एक दूसरे को रंग लगाकर दिवाली की खुशी मनाई। रामगंगा नदी में मूर्तियों का विसर्जन किया गया। इस मौके पर संजय मेहरोत्रा, बीना देवी, संजय कट्टा, पुलक घोष, सोमनाथ ओझा, सुकुमार घोष, सुनील खन्ना, श्याम खन्ना आदि मौजूद थे।