मुरादाबाद। मंगलवार को शहर में आ रहा ढाई कुंतल रद्दी मावा जांच के बाद रामगंगा नदी में फिंकवा दिया गया। सुबह छह बजे से दोपहर बारह बजे तक करीब तीस कुंतल मावा चेक किया गया। प्रशासनिक टीम द्वारा चलाए गए अभियान से हड़कंप मचा रहा।
त्योहारी सीजन में रद्दी मावा खूब सप्लाई हो रहा है। ग्रामीण और कस्बाई इलाकों से बड़ी मात्रा में मावा पहुंच रहा है। अमरोहा गेट पर स्थित मावा मंडी पर तो सुबह से ही भीड़ लग जाती है। जब मिलावट का हल्ला मचा तो मंडलीय खाद्य अधिकारी रवि शर्मा की अगुवाई में गठित टीम ने कई जगह छापामारी की। उनके निर्देशन में हर रोज चेकिंग की जा रही है। मंगलवार को फूड इंसपेक्टर सुबह को छह बजे ही चट्टा पुल पर पहुंच गए थे। यहां ग्रामीण क्षेत्रों से लोग मावा लेकर आ रहे थे। कुल तीस कुंतल मावा चेक किया गया। इसमें ढाई कुंतल मावा ऐसा था जो खराब था। देखने में ही रिफाइंड की मिलावट लग रही थी। मंडलीय खाद्य अधिकारी रवि शर्मा ने बताया कि इस मावे को फिंकवा दिया गया है। जबकि बाकी मावा सैंपल भरने के बाद लोगों को वापस कर दिया गया। कुल पांच सैंपल भरे गए थे। चट्टा पुल पर दोपहर तक चली चेकिंग से हड़कंप मचा रहा। इस पुल से मावा लेकर आने वाले तमाम लोग रास्ता बदलकर पहुंचे। उधर कस्बाई इलाकों में भी दिन भर चेकिंग कराई गई।