मुरादाबाद। जनपद में कई जगह मिलावटी मावे के कारखाने चल रहे हैं। मुरादाबाद का प्रशासन भले ही अभी तक कोई कार्रवाई नहीं कर पाया है लेकिन गाजियाबाद में मुरादाबाद से गया एक ट्रक मावा जब्त किया गया है। इस कार्रवाई का हल्ला दूर तक है। मुरादाबाद प्रशासन को भी शासन स्तर से आगाह किया गया है।
त्योहारी सीजन आते ही मावा बनाने की भट्टियां शुरू हो जाती हैं। दरअसल मावा क्रीम निकले दूध का बनाया जाता है। चिकनाई के लिए रिफाइंड मिलाया जा रहा है। मिल्क पाउडर का भी इस्तेमाल हो रहा है। यह मावा मार्केट तक पहुंचते पहुंचते बेकार हो जाता है मगर फिर भी धड़ल्ले के साथ बिक्री की जाती है। हालांकि प्रशासन की टीम ने पहले भी कई दफा मंडी पर छापा मारकर रद्दी मावा फिंकवा दिया था लेकिन सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले फिर भी बाज नहीं आ रहे हैं। बताया जाता है कि मुरादाबाद जनपद के ग्रामीण इलाकों में भट्टियां बनाकर बड़े पैमाने पर मावे का कारोबार हो रहा है। यह मावा सेहत के लिए खतरनाक है। केमिकल का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। बताया जाता है कि बाकायदा आर्डर पर मावा तैयार हो रहा है। शुक्रवार की रात को गाजियाबाद में मावा भरा एक ट्रक पकड़ा गया है। इस ट्रक में भरे मावे को प्रदेश के कई जनपदों में सप्लाई किया जाना था। इसका हल्ला दिल्ली से लखनऊ तक है। मुरादाबाद प्रशासन को निगहबानी के निर्देश दिए गए हैं। कहा गया है कि जहां भी मावा बन रहा है वहां चेकिंग कराई जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।