मुरादाबाद। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश ने संगठनात्मक चुनाव की कमर कस ली है। छह एवं आठ अगस्त को मुरादाबाद मंडल की सभी तेरह शाखाओं में संगठन के चुनाव होगे। चुनाव के लिए पर्यवेक्षक एवं चुनाव अधिकारी भी नामित कर सभी डिपो शाखाओं को उसकी सूचना बुधवार को भेज दी गई।
परिषद के क्षेत्रीय मंत्री रामेश्वर दयाल भारती के अनुसार 6 अगस्त को सात शाखाओं क्रमश: रामपुर डिपो ट्रैफिक शाखा, रामपुर डिपो कार्यशाला, मुरादाबाद डिपो ट्रैफिक, पीतलनगरी डिपो कार्यशाला, धामपुर डिपो, और प्रशासनिक शाखा, बिजनौर डिपो ट्रैफिक में चुनाव होगा। 8 अगस्त को नजीबाबाद डिपो, पीतल नगरी डिपो ट्रैफिक, मुरादाबाद डिपो कार्यशाला, क्षेत्रीय कार्यशाला, अमरोहा डिपो, बिजनौर डिपो कार्यशाला का चुनाव होगा। डिपो शाखा की चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत क्षेत्रीय संगठन का चुनाव कराया जाएगा।