मुरादाबाद। पीएसी तिराहे पर इंस्पेक्टर सिविल लाइंस को पीटने वाले तीनों फौजी भाइयों धर्मेंद्र सिंह, राजेश कुमार और मनोज सिंह को शुक्रवार दोपहर जेल भेज दिया गया। इससे पहले कोर्ट में पेशी से पहले थाने में थोड़ा हंगामा भी हुआ। आरोपियों के गांव से सैकड़ों लोग कचहरी में आए थे।
आईटीबीपी दिल्ली में एसआई के पद पर तैनात धर्मेंद्र सिंह के भाई अरविंद की गुरुवार रात डिलारी में शादी थी। सैंट्रो कार से धर्मेंद्र, अपने चचेरे भाई व जम्मू में तैनात लांस नायक राजेश कुमार और झांसी में हवलदार के पद पर तैनात मनोज सिंह व एक अन्य के साथ बारात में जा रहा था। तभी पीएसी के पास जाम खुलवा रहे इंस्पेक्टर से उनकी नोकझोंक हो गई थी। घटना के बाद दोनों पक्षों में जमकर गुत्थमगुत्था हुई। फौजी भाइयों ने इंस्पेक्टर को जमकर पीटा था। इससे उन्हें चोट आई थी। वारदात के बाद फोर्स ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया था। देर रात सात क्रिमिनल एक्ट व लोकसेवक पर हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। शुक्रवार को पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।