मुरादाबाद। दिल्ली रोड के 220 केवी सब स्टेशन में रविवार रात ट्रांसफार्मर की सीटी फुंकने से कांठ रोड, पीलीकोठी समेत कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। धमाके के साथ सीटी फुंकने से अफरातफरी भी मच गई। देर रात तक अधिकारी इस फाल्ट को ठीक करने की कोशिश कर रहे थे।
बिजली घर में पीलीकोठी से लेकर कांठ रोड की लाइन पर लगे ट्रांसफार्मर में रविवार रात अचानक चिंगारी निकलने लगी। कर्मचारी जब तक उधर दौड़े, तेज आवाज के साथ धमाका हुआ और धुआं निकलने लगा। इसके बाद कर्मचारियों को सीटी फुंकने का पता लगा। अचानक सीटी फुंकने से पूरी लाइन बंद हो गई। कांठ रोड की तमाम कालोनियों में अंधेरा छा गया। सूचना पर अधिकारी पहुंचे, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी फाल्ट ठीक नहीं हो पा रहा था। हालांकि अधिकारियों ने दूसरे ट्रांसफार्मरों के जरिए आपूर्ति ठीक करने की बात कही।
--