मुरादाबाद। ऊधम सिंह नगर से ब्याह कर लाई गई एक महिला को उसके पति ने सवा लाख रुपये में बेचने की कोशिश की। आरोप है कि विरोध करने पर मारपीट की और जबरन दोस्तों के हवाले कर दिया। किसी प्रकार महिला बचकर भागी और एसएसपी से कार्रवाई की मांग की है।
छह माह पूर्व रुद्रपुर की महिला की शादी जयंतीपुर में हुई थी। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही युवक ने दहेज की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि दहेज न मिलने पर उसने महिला को ही बेचने की कोशिश की। कुछ दिन पहले मारपीट करते हुए अपने दोस्तों के हवाले कर दिया। वह उसे कार में डालकर ले जा रहे थे। लेकिन संभल में कुछ लोगों ने बचाया। इसके बाद महिला रुद्रपुर में रहने वाली अपनी दादी के साथ कप्तान कार्यालय पहुंची। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। लेकिन अब तक सुनवाई नहीं हुई। महिला ने बताया कि वह काफी गरीब है। जबकि उसका पति पुलिस में हनक रखता है। इसी वजह से कार्रवाई नहीं हो रही।
--