मुरादाबाद। कुंदरकी, कांठ और ठाकुरद्वारा विधानसभा में महिला वोटरों की संख्या पुरुषों के मुकाबले बहुत कम है। बृहस्पतिवार को जब निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव ने समीक्षा की तो इसका खुलासा हुआ। अफसरों को जांच के आदेश दिए। उन्होंने माना कि कहीं न कहीं कोई चूक जरूर हुई है।
लोकसभा चुनाव के लिए वोटर लिस्ट तैयार होने लगी है। एक अक्तूबर से बीस नवंबर तक मतदाता सूची का प्रकाशन कराया गया था। इस दौरान वोट बनवाने के लिए 79387 लोगों ने आवेदन किया जबकि वोट कटवाने के लिए 23999 मतदाताओं ने फार्म सात भरा। फार्म आठ के लिए कुल 9263 आवेदन किए गए। सर्किट हाउस में समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव आरके श्रीवास्तव ने कहा कि अगर किसी वोटर का नाम काटा जाता है तो उसे नोटिस जरूर भेजा जाए। बगैर उसे इत्तला दिए किसी का वोट नहीं कटना चाहिए। तीन विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की कम संख्या पर उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि वोटर लिस्ट से तमाम महिलाएं छूट गईं हैं। लिहाजा इन विधानसभाओं में दोबारा से जांच कराई जाए। अफसरों से कहा कि पांच फीसदी मामलों को वह खुद चेक करें। बीएलओ और सुपरवाइजर के काम की निरंतर समीक्षा भी होनी चाहिए। फार्म कलेक्शन के नियमों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। वोटर लिस्ट में दर्ज नामों में तमाम अशुद्धियां मिल रहीं हैैं लिहाजा बारीकी के साथ चेक किया जाए। जिलाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि हर विधानसभा पर लगातार मानीटरिंग की जा रही है। इस दौरान आपरेशन वोट से जुड़े सभी अधिकारी मौजूद रहे।
कुल जनसंख्या-32 लाख
कुल मतदाता- 18 लाख 58 हजार
वोटर बनने को दावेदारी की- 79387
वोट कटवाने को आवेदन किए- 23999