मुरादाबाद। 26/11 के गुनहगार पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल कसाब की फांसी से शहर में चारों ओर जश्न का माहौल है। तमाम संगठनों ने मिठाइयां बांटीं और पटाखे छुड़ाकर खुशी का इजहार किया। पब्लिक ने कसाब की फांसी को मुंबई के शहीदाें के लिए सच्ची श्रद्धांजलि बताया है। इसके साथ ही जेलों में बंद दूसरे आतंकियों को भी फांसी देने की मांग जोरदार तरीके से उठी है।
हिंदू युवा संघ ने आदर्श नगर में आतिशबाजी की और कसाब की फांसी पर जश्न मनाया। यहां हिंदू युवा संघ से जुड़े लोगों के साथ ही तमाम स्थानीय नागरिकों ने भी इस खुशी में हिस्सा लिया। पटाखे छुड़ाने के साथ ही लोगों ने मिठाइयां बांटी और एक दूसरे को बधाईयां दीं। जश्न में डूबे इन लोगों का कहना था कि देश पर हमला करने वाले हर आतंकी को यही सजा मिलनी चाहिए। इस मौके पर राजीव गुंबर, काले पहलवान, प्रभूजोत सिंह बग्गा, पोरस सचदेवा, विमल चौधरी, निशा गुंबर, पूजा छावड़ा आदि मौजूद रहे। हिंदू कालेज में भी छात्र - छात्राओं ने एक दूसरे को कसाब की फांसी पर बधाई दी और मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। तमाम स्कूल कालेजों, दफ्तरों और दूसरे स्थानों पर भी लोगों ने कसाब की फांसी पर खुशी का इजहार किया और कसाब की तर्ज पर जल्द अफजल गुरू को भी फांसी देने की मांग की।