मुरादाबाद। पोंटी चड्ढा व उनके भाई हरदीप सिंह चड्ढा की मौत के बाद रविवार को भी चड्ढा परिवार के कारोबारों पर ताले लटके रहे। चड्ढा सिनेमा में शाम को दो शो शुरू किए गए।
शनिवार को दिल्ली के फार्म पर दोनों भाईयों की मौत के बाद से ही महानगर में स्थित चड्ढा फैमिली के प्रतिष्ठानों को बंद कर दिया गया था। रविवार को दोनों का अंतिम संस्कार होना था। परिवार के सभी लोग दिल्ली में ही थे। रविवार को भी वेव मॉल, चड्ढा, अखिलेश, सत्यम सिनेमा बंद रहे। होटल ड्राइव इन में भी नए ग्राहकों को रिसीव नहीं किया गया। चड्ढा काम्प्लैक्स की दुकानें पहले की तरह खुलीं। शराब की दुकानों पर भी बिक्री जारी रही। चड्ढा सिनेमा का संचालन इन दिनो रिलायंस कर रहा है। मैनेजर मनोज कुमार ने बताया कि शाम को दो शो का संचालन शुरू कर दिया गया। चड्ढा सिनेमा परिसर में ही इस ग्रुप का ऑफिस है। यहां पर भी सन्नाटा पसरा रहा।